शुक्रवार, 17 अप्रैल 2015

यक्ष-युधिष्ठिर सम्वाद -28/27/03/15

यक्ष -
अनुष्का शर्मा कौन है ?
युधिष्ठिर -
अनुष्का शर्मा , अंतरिक्ष से अकस्मात उद्भूत उल्का है | इस उल्कापात से , स्त्री विमर्श का समूचा आकाश जगमग जगमग कर रहा है | इसके घर्षण से , धरती का वायुमंडल भी अकस्मात गर्म हो उठा है |
यक्ष -
क्या धरती पर इसका कोई दुष्प्रभाव भी पड़ेगा ..?
युधिष्ठिर -
नही . धरती यथावत रहेगी , आपके सरोवर का जल भी यथावत रहेगा , आपका उस पर एकाधिकार भी यथावत रहेगा , चारों पांडव भी यथावत मूर्छित रहेंगे , पांचाली की प्यास और अज्ञातवास दोनों यथावत रहेगा |
दुर्योधन और धृतराष्ट्र की आश्वस्ति यथावत , विदुर की विवशता और शकुनि का षड्यंत्र यथावत .....हस्तिनापुर का द्वंद , यथावत ही रहेगा ..........
यह मात्र एक वायवीय विक्षोभ है , इससे भौतिक जगत की स्थितियों पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पडेगा .....

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें